Darbhanga Cricket Stadium: दरभंगा में खेल सुविधाओं को लेकर बड़ी पहल की तैयारी है, जो मिथिलावासियों के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए बड़ी खबर है। दरअसल लहेरियासराय स्थित पुराने नेहरू स्टेडियम की जगह अब नया क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आई है। परिसर में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और क्रिकेट के अलावा कई अन्य खेलों के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था होंगे।
प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम को बड़े मुकाबलों के हिसाब से तैयार किया जाएगा। यहां डे-नाइट और IPL जैसे मैच कराने के लिए हाई मास्ट लाइट, हाइब्रिड टर्फ पिच, आधुनिक पवेलियन और बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन जैसी सुविधाएं देने की योजना है। इसके साथ ही खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग से नेट प्रैक्टिस पिच भी बनाई जाएगी।
एक ही परिसर में होगी कई खेलों की सुविधा
इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि परिसर केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। यहां इंडोर मल्टीपरपज हॉल बनाने की योजना है, जिसमें स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, जूडो-रेसलिंग के लिए जगह और चार बैडमिंटन कोर्ट होंगे। इसके अलावा बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स और मेडिकल सुविधाएं विकसित करने की योजना है। दूसरे शहरों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए करीब 100 बेड का हॉस्टल, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल भी बनाया जा सकता है।
परिसर में लॉन टेनिस और वॉलीबॉल के लिए भी जगह होगी। बिजली की जरूरत को कम करने के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल करने की योजना है। वहीं, बड़े मैचों और आयोजनों के दौरान पार्किंग की परेशानी न हो, इसके लिए मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
मिथिला के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मौका
अगर यह योजना जमीन पर उतरती है तो दरभंगा और आसपास के खिलाड़ियों को अपने शहर में ही अभ्यास और प्रशिक्षण की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बड़े स्तर के मैचों के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों और खिलाड़ियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रस्तावित स्टेडियम को लेकर कहा कि, यह परिसर सिर्फ क्रिकेट स्टेडियम नहीं होगा, बल्कि मिथिला के युवाओं के लिए खेल का बड़ा केंद्र बनेगा। उनका कहना है कि मिथिला ने शिक्षा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में कई प्रतिभाएं दी हैं और अब खेल के क्षेत्र में भी यहां के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर और अपनी प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच मिलेगा।
स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल
प्रस्तावित स्टेडियम की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि आधुनिक सुविधाओं वाला यह परिसर तैयार होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- चिराग के विधायक ने दिल्ली के होटल में युवती से की छेड़छाड़, तेज प्रताप यादव ने संजय सिंह पर लगाए गंभीर आरोप


