दरभंगा। जिले में अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक ही अपार्टमेंट के दो फ्लैटों को अपना निशाना बनाया। नगर थाना क्षेत्र के खानकाह चौक के निकट सकमा पुल स्थित डी इंकलेव सोसाइटी में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरों ने बड़ी सफाई से ताले की कुंडी को कटर से काटा और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

​बैंक मैनेजर के फ्लैट पर चोरों का हाथ

​दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 202 के मालिक और बैंक मैनेजर ओम कुमार झा अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार सहित अपने पैतृक गांव मधुबनी के सरसोपाही गए थे। एक नवंबर की सुबह वे घर से निकले थे और जब दो नवंबर की सुबह करीब आठ बजे वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए। दरवाजे की कुंडी कटी हुई थी, जिसे चोरों ने बाद में दोबारा सीधा कर दिया था ताकि किसी को शक न हो। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 35 लाख रुपये के जेवरात और 25,000 रुपये नकद गायब हैं। हैरानी की बात यह है कि चोर वारदात में इस्तेमाल किया गया कटर मौके पर ही छोड़ गए थे।

​पांचवीं मंजिल पर भी हुई लाखों की सेंधमारी

​जब पीड़ित बैंक मैनेजर ने डायल 112 पर सूचना दी, तो पुलिस जांच के लिए पहुंची। सोसाइटी के गार्ड, मैनेजर और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि उसी अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 501 में भी चोरी हुई है। यह फ्लैट सरिता कुमारी का है, जो पिछले पंद्रह-बीस दिनों से बंद था। पड़ोसियों ने फोन पर उन्हें इसकी सूचना दी। उनके फ्लैट से एक सोने की चेन, तीन जोड़े कान के झाले, एक अंगूठी, एक लॉकेट और 40,000 रुपये नकद की चोरी हुई है।

​सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

​एक ही अपार्टमेंट में दो अलग-अलग मंजिलों पर एक ही तरीके से हुई इस चोरी ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जांच के दौरान सामने आया कि अपार्टमेंट में कुल 16 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिनमें से आठ कैमरे पहले से ही खराब और बंद पड़े थे। घटना के वक्त बाकी के आठ चालू कैमरे भी बंद मिले, जिससे अपराधियों का सुराग पाने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

​एफएसएल टीम की जांच और बरामदगी

​घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने दोनों फ्लैटों से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बैंक मैनेजर के फ्लैट से चोरों द्वारा छोड़ा गया कटर भी बरामद कर लिया है। आसपास के रास्तों और अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि शातिर चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।