फिरोज अहमद, दरभंगा। दरभंगा स्नातक सीट पर हुए चुनाव का परिणाम सामने आ चुका है। स्नातक सीट पर राजद के उम्मीदवार अनिल कुमार झा ने जीत हासिल की है। अनिल झा ने अपने निकटतम बीजेपी के प्रत्याशी सर्वेश कुमार को मात दी। दरभंगा स्नातक सीट पर राजद की जीत होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
8 सीटों पर हुए एमएलसी चुनाव में राजद को यह दूसरी सीट पर जीत मिली है। इससे पहले पटना शिक्षक सीट पर राजद के संजीव कुमार ने भाजपा के नवल किशोर यादव को मात देकर जीत हासिल की थी।
भाजपा के सर्वेश कुमार ने की जीत की घोषणा
खास बात यह रही की मतगणना केंद्र से बाहर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दरभंगा स्नातक सीट से भाजपा के प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने खुद राजद प्रत्याशी अनिल कुमार के जीत की घोषणा की। वहीं, जब उनसे पूछा गया की कितने वोटों से जीत हुई है। इसपर सर्वेश कुमार ने कहा कि, अभी मतगणना चल रही है। 500 वोट कम पड़े…, लेकिन मैं खुश हूं कि एक समाजिक कार्यकर्ता की जीत हुई है।
दरअसल दरभंगा स्नातक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 31,911 वोट हासिल करने होंगे। लेकिन अब तक कोई भी प्रत्याशी इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है। इस बीच सर्वेश कुमार ने खुद आकर राजद प्रत्याशी के जीत की घोषणा कर दी। हालांकि अभी आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।
मतगणना में देरी पर तेजस्वी ने उठाए सवाल
दरभंगा स्नातक सीट पर हो रही मतगणना में देरी पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, दरभंगा स्नातक की 27 अक्टूबर से मतगणना हो रही है, आज 29 अक्टूबर खत्म होने को है। 10 प्रतिशत मत अवैध घोषित करने के बावजूद RJD दरभंगा स्नातक से जीत रही है, लेकिन चुनाव आयोग मतगणना में जबरन BJP की जीत खोज रहा है, परंतु हम ऐसा होने नहीं देंगे। राजद कार्यकर्ता मजबूती से काउंटिंग सेंटर पर है। उन्होंने कहा कि, बीते 56 घंटे से चुनाव आयोग बेईमानी की कोशिश कर रहा है लेकिन ऐसा हरगिज़ नहीं होने दिया जाएगा। लोकतंत्र बचाने के लिए जनता अब आर-पार करने के मूड में है।
ये भी पढ़ें- 24 नवंबर को JDU मनाएगी ‘सुशासन दिवस’, 5 नवंबर को MLC चुनाव में मिली हार की होगी समीक्षा

