दरभंगा। जिले के नेहरा थाना क्षेत्र में बीते 1 जून की रात को हुई लूट की एक बड़ी घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। बेनीपुर के एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया मोबाइल, सोने की हनुमानी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। शेष चार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

​कैसे शुरू हुआ खुलासा?

​घटना 1 जून की रात लगभग 10:30 बजे की है। नेहरा लुल्हवा चौक पर आइसक्रीम की दुकान चलाने वाले पैठान कबई निवासी लाल बाबू महतो, सकरी-कनकपुर से धरौड़ा जाने वाली नहर सड़क पर जा रहे थे। तभी तरौनी गाछी के निकट बदमाशों ने उन्हें अपना शिकार बनाया। पीड़ित के बयान पर नेहरा थाने में कांड संख्या 77/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

​तकनीकी साक्ष्यों से बिछाया जाल

​एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। सबसे पहले मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के नरपत नगर निवासी टुनटुन चौपाल को लूटे गए मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि मोबाइल उसने सोररीपट्टी निवासी पंकज साहू को बेचा था, जिसके बाद पुलिस ने पंकज को धर दबोचा।

​कड़ी से कड़ी जुड़ती गई

​पंकज साहू की निशानदेही पर पुलिस ने पंडौल थाना क्षेत्र के बीह टोल नवटोलिया निवासी आशीष कुमार दास को गिरफ्तार किया। उसके घर से वह मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल लूट की वारदात में किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने लूट में शामिल दो अन्य आरोपियों पंडौल के यमसम निवासी दुर्गानंद ठाकुर और भालपट्टी के गोविंद कुमार चौपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।

फरार आरोपियों की तलाश तेज

गिरफ्तार बदमाशों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह में शामिल चार अन्य अपराधी अभी फरार हैं, जिनकी पहचान प्रकाश मंडल, साकेत कुमार, रोशन कामती और ब्रह्मदेव कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मोती कुमार, अपर थानाध्यक्ष निलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।