दरभंगा के बिरौल-शिवनगर घाट-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग (SH-56) पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा सिसौनी मोड़ के समीप उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

​दीपावली का सामान लेकर लौट रहे थे घर

मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के महमुदा गांव निवासी 20 वर्षीय शिवम कुमार (पिता- दिलीप यादव) के रूप में हुई है। वहीं घायल 19 वर्षीय दुर्गेश पंडित (पिता- प्रमोद पंडित) को इलाज के लिए बिरौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों युवक सुपौल बाजार से दीपावली का सामान और पूजा की सामग्री खरीदकर वापस अपने गांव महमुदा लौट रहे थे। इसी दौरान दरभंगा-केसरी बस (BR 07 PB 4042) ने तेजी व लापरवाही से ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।

​ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बस को किया आग के हवाले

हादसे की खबर फैलते ही महमुदा गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। उग्र भीड़ ने सिसौनी मोड़ के पास सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त दरभंगा-केसरी बस में जमकर तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बस सेवा के चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिसकी पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं लेकिन प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया। ग्रामीणों ने बस का लाइसेंस रद्द करने और चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​3 घंटे तक ठप रहा SH-56

सड़क जाम के कारण SH-56 पर दोनों तरफ करीब 3-3 किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। त्योहार के समय रास्ते में फंसे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिरौल, कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर, बड़गांव और घनश्यामपुर समेत छह थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ, एसडीएम, बीडीओ और सीओ समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर ग्रामीणों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास कर रहे हैं।