रवि रायकवार, दतिया। दतिया में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। महिला अपने बेटे के साथ शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।

महिला की पहचान भांडेर के काजीपाठा मोहल्ला निवासी पूनम वाल्मीकि के रूप में हुई है। महिला ने अपने पति मोनू जाटव और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर करीब दो महीने से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि वह पहले भी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंची थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ये भी पढ़ें: कलेक्ट्रेट परिसर में कीटनाशक का सेवनः मची अफरा-तफरी, सूदखोरी और जमीन हड़पने की धमकियों से परेशान था पीड़ित

पूनम के अनुसार, उसकी शादी करीब तीन साल पहले मोनू जाटव से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि पति के जाने के बाद ससुराल के अन्य सदस्यों ने भी उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। महिला ने जेठ सोनू जाटव पर मारपीट और घर का सामान बाहर फेंकने का आरोप भी लगाया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m