भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की 6,056 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते ही मध्य प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। परिणाम आते ही दतिया से लेकर इंदौर, खंडवा और अलीराजपुर तक जश्न का माहौल है।
जीत के बाद जहां दतिया कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा वहीं प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पटाखे फोड़कर, ढोल-नगाड़ों की थाप पर आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाई गईं।
दतिया: घनश्याम सिंह और अवधेश नायक ने किया अभिवादन
रवि रायकवार, दतिया। दतिया में जीत की आधिकारिक पुष्टि होते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हो गए। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और चाय की चुस्कियों के साथ “पीतांबरा माई की जय” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाए।
नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने कांग्रेस नेता अवधेश नायक और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ हाथ हिलाकर जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

खंडवा: राहुल गांधी के पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
इमरान खान, खंडवा। दतिया की जीत की गूंज खंडवा में भी जोर-शोर से सुनाई दी। खंडवा में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी की तस्वीरें और पार्टी के झंडे हाथों में लेकर सड़कों पर उतरे। गांधी भवन से बॉम्बे बाजार होते हुए सराफा के गणेश मंदिर तक कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी।
शहर के केवलराम पेट्रोल पंप चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन जुटे और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और कहा कि यह जनता का कांग्रेस पर बढ़ते विश्वास और राहुल गांधी के नेतृत्व की जीत है। इस दौरान कार्यकर्ता राहुल गांधी के फोटो हाथों में लेकर सड़कों पर निकले और कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए।

इंदौर में आतिशबाजी कर बांटी मिठाइयां
चंकी बाजपेयी, इंदौर। दतिया में बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की हार और कांग्रेस की विजय से इंदौर के कांग्रेसियों में भी नई ऊर्जा आ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया और इसे बीजेपी की नीतियों के खिलाफ जनता का करारा जवाब बताया।

आलीराजपुर में जश्न का माहौल
संजय वाणी, आलीराजपुर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जीत के नारे लगाए और इसे जनता के जनादेश की जीत बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


