शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया में उपचुनाव से पहले टिकट को लेकर असमंजस की स्थिति है। वहीं इस बीच कांग्रेस में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को चुनावी मैदान में उतारने की संभावनाओं की वजह से कथित रूप से घमासान मचा हुआ है। भाजपा ने इसे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का नाम दिया वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए अपने परिवारवाद पर ध्यान देने की सलाह दी। 

बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा, बीजेपी लंबे अंतर से चुनाव जीतने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की गरीब कल्याण की नीतियों और साथ ही पूर्व में जिस तरह से भाजपा ने दतिया के जनहित में काम किया वही हमारे मुद्दे हैं। कांग्रेस पार्टी अखंड परिवारवाद में डूबी हुई है। आज भी अगर टिकट की बात आती है तो वही उम्मीदवार जिसे सजा मिली, उसकी पत्नी और पुत्र को उम्मीदवार बनाने की बात हो रही है। ऐसे में कांग्रेस में आम कार्यकर्ताओं के लिए कहीं जगह नहीं है। भारतीय जनता पार्टी में पार्टी ही वहां की उम्मीदवार होगी। हमारा निशान हमारा उम्मीदवार है, हम जीतेंगे। 

वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने उनके बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी में संसदीय दल, समिति टिकट तय करेगी। इसकी घोषणा भी जल्द होगी कि किसे टिकट किसे मिलेगा लेकिन बीजेपी को कांग्रेस से परिवार वालों से प्रॉब्लम है। बीजेपी के अंदर प्रॉब्लम नहीं है क्या? बड़े-बड़े नेताओं जैसे नीतीश कुमार के बेटे, राजनाथ सिंह के बेटे, सिंधिया परिवार… कई नाम है। क्या इस परिवारवाद को देख बीजेपी अंधी हो जाती है? दतिया और प्रदेश देश में जिस तरीके से बीजेपी ने लोकतंत्र की डकैती की है। बीजेपी को बीना विधायक निर्मला सप्रे का मामला नहीं दिखाई देता। जनता इनका जवाब देगी। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m