कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए हो रही वोटिंग के बीच एक अनोखी और चर्चित खबर सुर्खियों में बनी हुई है। दतिया रियासत के महाराज गोविंद देव जू द्वारा ली गई एक कड़ी प्रतिज्ञा की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोर-शोर से हो रही है। महाराज गोविंद देव ने संकल्प लिया है कि यदि भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी की हार होती है, तो वे अपना सिर मुंडवा लेंगे।

क्षत्रिय अपनी प्रतिज्ञा से पीछे नहीं हटते

मीडिया से बातचीत करते हुए महाराज गोविंद देव जू ने अपने प्रण पर कायम रहने की बात दोहराई। उन्होंने कहा- “क्षत्रिय अपनी प्रतिज्ञा से कभी पीछे नहीं हटते। यदि चुनाव में कुछ भी नकारात्मक परिणाम (BJP की हार) आता है, तो भी मैं अपने संकल्प से पीछे नहीं हटूँगा।”

जीत का भरोसा और कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना

महाराज गोविंद देव ने दावा जताया कि उन्हें दतिया की जनता और भाजपा की जीत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि परिस्थिति सिर मुंडवाने तक नहीं पहुँचेगी और बीजेपी की जीत निश्चित होगी। बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि घनश्याम सिंह ने हमेशा झूठ बोला है और झूठ का ही साथ दिया है, जिसे दतिया की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है।

दतिया की सियासत में बना कौतुहल

मतदान के इस दौर में महाराज गोविंद देव का यह बयान और उनकी अजीबोगरीब प्रतिज्ञा दतिया के राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि परिणाम किस दिशा में जाते हैं और यह प्रतिज्ञा क्या मोड़ लेती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m