कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेता और चर्चित चेहरा अवधेश नायक ने एक इंटरव्यू में कई बड़े खुलासे किए हैं। चुनाव में अपनी भूमिका और टिकट न मिलने के बाद उपजी नाराजगी पर विराम लगाते हुए उन्होंने साफ कहा कि वे कांग्रेस को जिताने के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं।

2023 का परिणाम सबने देखा

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि वे इस चुनाव में ‘नायक’ की भूमिका में हैं या ‘खलनायक’, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, मैं जन्म से ही नायक हूं, खलनायक नहीं। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले सालों में दतिया में जो किया, जनता 2018 से ही उसके विरोध में आ गई थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में इसका परिणाम भी देखने को मिला और इस बार उपचुनाव हम बहुत बड़े मार्जिन से जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दृष्टिकोण सबका अलग-अलग होता है- किसी को गिलास आधा भरा दिखता है तो किसी को आधा खाली। यदि 2023 में मुझे प्रताड़ित नहीं किया गया होता, तो बीजेपी दतिया का चुनाव नहीं हारती।

टिकट कटने पर छलका दर्द

टिकट वितरण के दौरान सामने आई नाराजगी की तस्वीरों पर अवधेश नायक ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा भी बहुत परिश्रम कर रहे थे और मैं भी। जब दोनों को ही टिकट नहीं मिला, तो समर्थकों, शुभचिंतकों और परिवार में नाराजगी आना स्वाभाविक था।उन्होंने दावा किया कि भाजपा में उनके 40 सालों के पुराने संबंध आज भी हैं। 2023 में भी उन्होंने अपने इन्हीं संबंधों का उपयोग किया था, जिसका नतीजा भाजपा की हार के रूप में सामने आया था। आज भी टिकट वितरण से नाराज कई भाजपा कार्यकर्ता पर्दे के पीछे से कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं।

आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी पर साधा निशाना

दतिया सीट पर आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रत्याशी दामोदर यादव द्वारा मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के सवाल पर अवधेश नायक ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दामोदर यादव को किसी के झांसे में नहीं आना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा, दामोदर यादव का चुनाव प्रचार भी बहुत धीमा हो गया-यह बात सब समझ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने भी संकेत दिया था कि दामोदर यादव को सिर्फ कांग्रेस का मैनेजमेंट बिगाड़ने के लिए मैदान में उतारा गया है। वे 10 हजार वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएंगे।

25 हजार से ज्यादा मतों से जीत का दावा

अवधेश नायक ने भरोसा जताया कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत होगी। अपने राजनीतिक भविष्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अब उनका एकमात्र संकल्प बिना किसी फल की चिंता किए निष्काम भाव से कर्म करते रहना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m