राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/मंदसौर। मध्य प्रदेश की सियासत से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अब इस पूरे मामले में महाराष्ट्र की पार्टी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे – UBT) की एंट्री हो गई है। शिवसेना UBT ने नरोत्तम मिश्रा को अपनी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने का खुला ऑफर दे दिया है।
‘मशाल’ के निशान पर चुनाव लड़ने का न्योता
शिवसेना UBT के मध्य प्रदेश राज्य प्रमुख सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए नरोत्तम मिश्रा को यह बड़ा ऑफर दिया है। सुनील शर्मा की ओर से कहा गया है कि यदि नरोत्तम मिश्रा चाहें तो वह शिवसेना (UBT) में शामिल होकर पार्टी के आधिकारिक चुनाव चिन्ह ‘मशाल’ पर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
उद्धव और आदित्य ठाकरे भी करेंगे प्रचार
ऑफर को और मजबूत करते हुए शिवसेना राज्य प्रमुख ने दावा किया है कि यदि नरोत्तम मिश्रा इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं, तो शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और युवा नेता आदित्य ठाकरे समेत पार्टी के सभी शीर्ष राष्ट्रीय नेता मध्य प्रदेश में उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी जानकारी
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी शिवसेना के राज्य प्रमुख सुनील शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर दी है। यह वीडियो मध्य प्रदेश शिवसेना के आईटी सेल प्रमुख नाहरसिंह सिसोदिया का है, जिसमें वे इस पूरे ऑफर और रणनीति का ब्योरा देते नजर आ रहे हैं।
बीजेपी में मचे घमासान के बीच नया मोड़
गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद से ही उनके समर्थक बेहद गुस्से में हैं। देर रात हाईवे जाम करने, बाजार बंद कराने और भाजपा कार्यालय पर ताला जड़ने जैसी घटनाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ऐन वक्त पर शिवसेना UBT द्वारा दिया गया यह ‘मशाल’ थामने का ऑफर मध्य प्रदेश की चुनावी सियासत को एक बिल्कुल नया और दिलचस्प मोड़ दे सकता है। अब देखना यह होगा कि इस खुले ऑफर पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों की क्या प्रतिक्रिया आती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

