रवि रायकवार, दतिया। सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर सोमवार सुबह 4 बजे से ही दतिया के प्रसिद्ध सेवड़ा सनकुआ सिंध नदी घाट पर श्रद्धालुओँ का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी और धूप के बावजूद हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पुण्य स्नान के लिए घाट पर पहुंच रहे हैं। प्रशासनिक आंकड़ों और अनुमान के मुताबिक दोपहर लगभग 10 बजे तक ही 1 लाख से अधिक श्रद्धालु यहां स्नान कर चुके हैं जबकि देर शाम तक लगभग 50,000 और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: MP में ठगी की 2 वारदातः भोपाल में नकली सोने के बिस्कुट देकर ज्वेलर्स से 45 लाख की ठगी, इधर जबलपुर में नौकरी- मकान के नाम पर 21 लाख की धोखाधड़ी

सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे, तैनात हैं मात्र 10-15 जवान

श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ के बीच प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब डेढ़ लाख लोगों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मात्र 10 से 15 पुलिसकर्मी ही तैनात दिखाई दे रहे हैं। पुलिस बल की इस भारी कमी के कारण पूरे क्षेत्र में वाहनों का लंबा जाम लग रहा है, जिससे चिलचिलाती धूप में लोग परेशान हो रहे हैं।

जान जोखिम में डाल रहे मासूम, आपदा प्रबंधन टीम नदारद

सनकुआ घाट पर लापरवाही का आलम यह है कि श्रद्धालु और छोटे-छोटे बच्चे बिना किसी रोक-टोक के सिंध नदी के बीचो-बीच जाकर स्नान कर रहे हैं और नदी पार कर रहे हैं। घाट पर उन्हें रोकने या सचेत करने वाला कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मौके पर आपदा प्रबंधन समिति या होमगार्ड के गोताखोरों का कोई भी पुलिस बल तैनात नहीं है।

ये भी पढ़ें: MP में डूबने से चार की मौत: जबलपुर में दो युवक, शिवपुरी में दो चचेरे भाइयों की जान गई

एक महीने में हो चुकी हैं 4 मौतें, प्रशासन फिर भी बेखबर

स्थानीय निवासियों ने बेहद चिंता जताते हुए कहा कि पिछले महज 1 महीने के भीतर इस घाट पर डूबने से चार मौतें हो चुकी हैं। इन हादसों के बाद भी प्रशासन ने सोमवती अमावस्या जैसे बड़े पर्व पर कोई सबक नहीं लिया। भीड़ और सुरक्षा संसाधनों के बीच का यह बड़ा अंतर साफ तौर पर किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आज यहाँ कोई बड़ा हादसा या भगदड़ जैसी स्थिति होती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m