रवि रायकवार, दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले से एक दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के उनाव थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम राजापुर में रविवार शाम एक 30 वर्षीय मजदूर ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन खेत पर काम करने गए हुए थे, जब वे वापस लौटे तो घर में शव लटका देख चीख-पुकार मच गई।
खेत पर गए थे परिजन, घर में अकेला था युवक
मृतक की पहचान राजापुर निवासी प्रदीप अहिरवार (30 वर्ष, पिता रमेश अहिरवार) के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूरी का काम करता था। जानकारी के मुताबिक, रविवार को रोजाना की तरह प्रदीप के परिजन खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान सूने घर में प्रदीप ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगा लिया। जब परिजन काम निपटाकर शाम को घर पहुंचे, तब उन्हें इस घटना का पता चला।
मायके गई थी पत्नी, दो बच्चों का पिता था प्रदीप
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। युवक के इस खौफनाक कदम से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही उनाव थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके वास्तविक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है। उनाव पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



