सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के सेंट जोसेफ मोड़ पर दिनदहाड़े एक महिला से मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना उस वक्त हुई जब महिला सड़क पर पैदल जा रही थी, तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया। लूट के बाद तीनों आरोपी तेजी से भागने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गैस सिलेंडरों की मारामारी के बीच दिनदहाड़े चोरी: घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, बाइक सवार युवकों ने
भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। पिटाई के चलते एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
फरार तीसरे आरोपी की तलाश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी और फरार तीसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला मोबाइल लूट का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

