सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक में बड़ी डकैती हुई है। हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर बंदूक की नोक पर लोगों को बंधक बनाया। फिर लाखों रुपए लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
नकाबपोशों ने फिल्मी अंदाज में की लूट
पूरी घटना जिला मुख्यालय वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की है जहां 4 से 5 हथियारबंद बदमाश फिल्मी अंदाज में बैंक में घुसे और लूट की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश बदमाशों ने बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को बंधक बना लिया और चंद मिनटों में लाखों कैश समेटकर मौके से फरार हो गए।
डकैती से पुलिस महकमे में खलबली
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने बैंक की घेराबंदी कर CCTV फुटेज को कब्जे में ले लिया है और बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर भर में नाकेबंदी कर दी गई है।

