शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में बुजुर्ग महिला से पैसे मांगने के बाद बंधक बनाकर मारपीट और लूट करने का मामला सामने आया है। वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न कर दिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी बदमाश मंगल पास में बन रही स्कूल की बिल्डिंग में काफी समय से मजदूरी का काम कर रहा था। वह आए दिन फरियादी महिला के घर पानी पीने के बहाने से आया जाया करता था। जिससे उसकी महिला से पहचान हो गई थी।
घटना के समय बुजुर्ग महिला घर पर अकेली थी तभी युवक घर में पहुंचा और उसने महिला से पैसों की डिमांड की। जब महिला ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए देने से इंकार कर दिया तो उसने उन्हें वहीं पर बंधक बना लिया और मारपीट करने लगा। आरोपी ने पत्थर से महिला के चेहरे को जख्मी कर दिया साथ ही उनके कान में पहने इयररिंग्स छीन लिए जिससे वह लहूलुहान हो गई। इस बीच आरोपी मौका देखकर फरार हो गया। वारदात को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी खाली है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियो ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया हैं। घायल महिला का इलाज हबीबगंज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है
पूजा घर में की मारपीट,बुरी तरह कटा कान
65 वर्षीय शैल कुमारी मिश्रा करोंद के राजीव नगर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहती है। उनके पति पुलिस में थे,जिनका देहांत हो चुका है,पति के देहांत के बाद उनके बेटे को अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। अनुकंपा नियुक्ति से बेटा शासकीय सर्विस में है और चुनावी ड्यूटी होने के चलते हैं शहर से बाहर गया हुआ। जबकि बेटी की शादी होने से वह सुसराल में थी। इसके चलते शैल कुमारी मिश्र घर में अकेली थीं। इसी दौरान एक मंगल नाम का युवक घर में घुस आया और उनका मुंह दबाकर जबरन अंदर घसीट ले गया। महिला मदद के लिए किसी को बुलाना सके इसलिए आरोपी ने दरवाजे बंद कर दिए आरोपी महिला को खींचते हुए घर के पूजा कक्ष में ले गया। वहां हवन के लिए रखे पत्थर जैसे ब्लॉक से उसने महिला के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। महिला ने विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा हिंसक हो गया। लगातार हमलों से महिला लहूलुहान होकर बेसुध हो गईं। बुजुर्ग महिला के बेहोश होते ही आरोपी ने बेरहमी की हद पार करते हुए उनके कान से सोने की बाली नोंच ली, जिससे कान कट गया। इसके साथ ही गले में पहनी सोने की चेन भी लूटकर फरार हो गया।
महिला ने मानवता के नाते प्रतिदिन पिलाया पानी
फरियादी महिला शैल कुमारी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास राजीव नगर में इस वक्त एक स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। स्कूल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मंगल नाम का युवक मजदूरी का काम करने प्रतिदिन आता था। गर्मी होने के चलते वह उनके घर से ठंडा पानी लेकर जाता था,जिससे उनकी पहचान हो गई थी। मानवता के नाते वह उसे पानी पिला दिया करती थी। उन्होंने बताया कि जब वह घर पर अकेली थी और चाय पी रही थी तभी मंगल घर में घुसा और पैसे मांगने लगा। मना करते ही उसने उन्हें बंधक बना लिया और मारपीट की बाद में बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गया। जब दूध वाला उनके घर पहुंचा तो उसने महिला को बेसुध देखकर उनकी बेटी को खबर दी। बेटी ने महिला को पहले पास के एक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद हबीबगंज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनके सिर, आंख के ऊपर और कमर में गंभीर चोटें पाई गई हैं। डॉक्टरों की टीम ने सिर की सर्जरी की तैयारी शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार आरोपी मंगल नशे का आदि हैं और नरसिंहपुर जिले का रहने वाला है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
निशातपुरा थाना थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। टीआई पटवा ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इलाके में काम करने वाला कोई मजदूर हो सकता है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
निशातपुरा में बुजुर्ग से लूट के बाद पुलिस अलर्ट मोड़ पर आ गई हैं। पुलिस ने बुजुर्गो के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी है। एडवाइजरी में अपील की गई है कि बुजुर्ग दंपत्ति या जो व्यक्ति अकेले रह रहे हैं, वे अपने नजदीकी थाने में जानकारी जरूर दे। और के बाहर और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। साथ ही अजनबी लोगों को बिना पहचान के घर में प्रवेश न दिया जाएं। आसपास के पड़ोसियों से संपर्क बनाए रखें और इमरजेंसी नंबर हमेशा पास रखें। घरेलू काम करने वाले (मेड, ड्राइवर आदि) का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के बाद ही उन्हें कम पर रखें।

