गिरिडीह। झारखंड में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। गिरिडीह के धनवार स्थित यूको बैंक में गुरुवार दोपहर बाइक सवार छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। बैंक में घुसते ही बदमाशों ने हथियार दिखाकर कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बेखौफ होकर बैंक में रखी नकदी और जेवरात लूट लिए। इतना ही नहीं, अपराधियों ने बैंक में मौजूद दो ग्राहकों को भी नहीं बख्शा और उनसे भी नकदी छीन ली।
हथियार दिखाकर बैंक में मचाई लूटपाट
जानकारी के मुताबिक, करीब छह बदमाश बाइक से यूको बैंक पहुंचे थे। सभी हथियारों से लैस थे। बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को डराकर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक में रखे रुपये और जेवरात समेटकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की सूचना गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को भी दी गई है। वहीं, खोरी महुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है। लूटे गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।

