उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूलों और गांवों में विशेष जागरूकता शिविर लगाने पर जोर दिया।
लक्ष्य वर्मा, करनाल। जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को पूरी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने स्पष्ट किया कि 14 और 15 वर्ष की आयु वर्ग की लड़कियों के लिए यह टीकाकरण अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणामों के बारे में जनता को जानकारी दें और टीकों को लेकर फैली किसी भी प्रकार की भ्रांति को तुरंत दूर करें। उपायुक्त ने इस बात पर जोर दिया कि पात्र बच्चियों का टीकाकरण न केवल जनहित में है, बल्कि यह देश के स्वास्थ्य भविष्य के लिए भी आवश्यक है।

विभागीय समन्वय और जागरूकता
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूलों में आईसीई (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक ठोस ‘माइक्रो प्लान’ तैयार करें और जागरूकता शिविर लगाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीपीओ के माध्यम से सरपंचों और पंचों को जोड़ने तथा गांवों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्ची छूट न जाए। इसके साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जमीनी स्तर पर महिलाओं और अभिभावकों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मई अंत तक लक्ष्य पूरा करने का आह्वान
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने प्राइवेट शिक्षण संस्थाओं के संचालकों के साथ भी एक अलग बैठक की। उन्होंने निजी स्कूलों के मुखियाओं और शिक्षकों, विशेषकर महिला शिक्षकों से अपील की कि वे छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस टीके के महत्व के बारे में समझाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि एचपीवी टीके का कोई साइड इफेक्ट नहीं है और यह पूरी तरह सुरक्षित है। प्रशासन का लक्ष्य मई माह के अंत तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना है। बैठक में कार्यवाहक सीएमओ डॉ. शशि गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन लांबा सहित कई गणमान्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।

