DC vs GT IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 14वें मुकाबले में आज शाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने हैं। DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अक्षर ने बताया कि उन्होंने पिछले मैच की प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं GT में कुशाग्र के स्थान पर कप्तान शुभमन गिल की वापसी हो रही है। वे पिछला मैच चोट के कारण नहीं खेल सके थे।

बता दें कि इस सीजन में दोनों टीमों की यह तीसरी भिड़ंत है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस को हराया है और अब जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस के लिए सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम को अपने शुरुआती दोनों मैचों में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि गुजरात टाइटंस बिना किसी जीत के 9वें नंबर पर बनी हुई है।

दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, लेकिन उससे पहले आइए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी जानकारी पर नजर डालते हैं।

DC और GT के टॉप परफॉर्मर्स

दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ बल्लेबाज समीर रिजवी इस समय सीजन के दूसरे टॉप स्कोरर बने हुए हैं। उन्होंने दोनों मुकाबलों में शानदार अर्धशतक जड़े हैं। रिजवी ने 2 मैचों में 160 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 163.26 का रहा है। गेंदबाजी में टी नटराजन ने भी प्रभावित किया है, जिन्होंने 2 मैचों में 4 विकेट झटके हैं।

वहीं, गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन इस सीजन के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 2 मैचों में 86 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 156.36 रहा है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 मैचों में 4 विकेट लेकर अहम योगदान दिया है।

DC बनाम GT हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 7 मुकाबलों में से गुजरात ने 4 और दिल्ली ने 3 जीते हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमें 2 बार आमने-सामने आई थीं, और दोनों मुकाबले गुजरात टाइटंस ने जीते थे।

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। बीच के ओवरों में पिच धीमी हो जाती है जिससे स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, मैच की शुरुआत में नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिल सकती है। इस मैदान की छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण अक्सर मैच हाई-स्कोरिंग होते हैं। आईपीएल के इतिहास में यहां अब तक 98 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 47 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 50 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन रहता है। वहीं सबसे बड़ा स्कोर 278/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बनाया था।

दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) की प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्स (DC)

केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, विप्रज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार

इम्पैक्ट सब: समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, नबी, नमीरा और नायर

गुजरात टाइटंस (GT)

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा

इम्पैक्ट सब: प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर, मानव सुथार, जयंत यादव और अनुज रावत

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H