DC vs RR IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर मुकाबले खेले जा रहे हैं। दिन के दूसरे और सीजन के 62वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी। पिछले मुकाबले में चोट के कारण रियान पराग नहीं खेल पाए थे और उनकी गैरमौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी यशस्वी जायसवाल ने संभाली थी। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि रियान पराग इस मुकाबले में टीम में वापसी कर सकते हैं।

दोनों टीमों पर जीत का दबाव
मौजूदा सीजन में अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने अब तक 12 मैचों में 5 जीत और 7 हार के साथ 10 अंक हासिल किए हैं और पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर मौजूद है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने 11 मुकाबलों में 6 जीत और 5 हार के बाद 12 अंक जुटाए हैं और टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है।

दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। अगर दिल्ली कैपिटल्स को आज हार मिलती है, तो वह IPL 2026 से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन सकती है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की राह भी हार के बाद मुश्किल हो जाएगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बता दें कि DC और RR के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है और इस मुकाबले में भी हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। यहां खेले गए पिछले पांच IPL मुकाबलों में से चार में पहली पारी का स्कोर 180 रन से ज्यादा रहा है। सिर्फ एक बार ऐसा नहीं हुआ, जब पिछले महीने दिल्ली कैपिटल्स की टीम RCB के खिलाफ महज 75 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को हाल के मुकाबलों में ज्यादा सफलता मिली है। पिछले चार मैचों में से तीन में पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, दिल्ली में रविवार को भीषण गर्मी रहने की संभावना है और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में ओस की भूमिका लगभग नहीं रहेगी। इसी वजह से टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है।
अरुण जेटली स्टेडियम के IPL आंकड़े

अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक कुल 103 IPL मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 48 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि 54 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। यहां टॉस जीतकर 52 और टॉस हारकर 50 मैच जीते गए हैं, जबकि एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ।
इस मैदान पर IPL का सबसे बड़ा स्कोर 278/3 रहा है, जबकि सबसे कम स्कोर 66 रन दर्ज किया गया है। रन चेज़ करते हुए यहां का सबसे बड़ा सफल स्कोर 265/4 है। अरुण जेटली स्टेडियम में औसतन प्रति विकेट 28.16 रन और प्रति ओवर 8.66 रन बनते हैं। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का औसत स्कोर 169.90 रन रहा है।
DC बनाम RR हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले हमेशा बेहद रोमांचक और कांटे के रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं, जिनमें दिल्ली कैपिटल्स ने 16 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 15 मैचों में सफलता मिली है। आंकड़ों के लिहाज से DC को मामूली बढ़त हासिल है।
मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले जयपुर में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। ऐसे में DC के पास इस मैच में पिछली हार का बदला लेने का मौका रहेगा।
DC और RR की संभावित प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स (DC)
अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार, अकीब नबी, लुंगी एनगिडी।
इम्पैक्ट प्लेयर: आशुतोष शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स (RR)
यशस्वी जायसवाल (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा, तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट प्लेयर: यश पुंजा।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम.कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

