DDA Housing Scheme 2026: अगर आप दिल्ली में कम कीमत पर घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की नई आवास योजना आपके लिए अहम हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, डीडीए ने आवास निवेश योजना-2026 पेश की है। इसके तहत राजधानी के नरेला इलाके में निम्न आय वर्ग (LIG) के 2,516 फ्लैट पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। डीडीए की इस योजना के तहत 25 प्रतिशत छूट के बाद प्रत्येक फ्लैट की कीमत करीब 14.95 लाख रुपये होगी। फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोग 14 अक्टूबर से पंजीकरण करा सकेंगे।

वहीं, फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। डीडीए के मुताबिक, ये फ्लैट नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 के पॉकेट-3 और पॉकेट-6 में उपलब्ध होंगे। इनमें पॉकेट-3 में 1,020 फ्लैट और पॉकेट-6 में 1,496 फ्लैट शामिल हैं। इस तरह योजना के तहत कुल 2,516 फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

कैसे होगा पंजीकरण और बुकिंग?

डीडीए की इस आवास योजना के तहत प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 49.90 वर्गमीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल है। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और फ्लैटों का विवरण देने वाली पुस्तिका 13 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोग डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण और बुकिंग कर सकेंगे। वहीं, जो लोग पोर्टल पर पहले से पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।

बुकिंग के समय जमा करने होंगे एक लाख रुपये

डीडीए आवास निवेश योजना-2026 के तहत पंजीकरण कराने के लिए एक बार 2,500 रुपये का शुल्क देना होगा। यह शुल्क गैर-वापसी योग्य होगा। वहीं, फ्लैट की बुकिंग के समय आवेदकों को एक लाख रुपये जमा करने होंगे। इसके अलावा, रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, परिवर्तन शुल्क की राशि आवंटन पत्र जारी करते समय अलग से ली जाएगी। डीडीए के मुताबिक, ये शुल्क फ्लैट की घोषित कीमत में शामिल नहीं हैं।

आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा नरेला

डीडीए अधिकारियों के अनुसार, नरेला को एक प्रमुख और आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में यहां मेट्रो विस्तार, चौड़ी सड़कों और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे इलाके में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m