अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. शनिवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के नियामताबाद ब्लॉक स्थित कबीरपुर (दरियापुर) गांव में चोरों ने जल जीवन मिशन के ट्यूबवेल पंप को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया. चोरी की घटना के बाद गांव के करीब चार से साढ़े चार हजार घरों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है. इससे ग्रामीणों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है.
जानकारी के अनुसार पंचायत भवन के पास बने ट्यूबवेल पंप पर तैनात ऑपरेटर राहुल पटेल शनिवार सुबह पंप चालू करने पहुंचा. वहां कमरे का ताला टूटा मिला. अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी मशीनें व विद्युत उपकरण गायब थे. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. ऑपरेटर के मुताबिक चोर एक कटर मशीन, एक ग्राइंडर मशीन, दो ड्रिल मशीन, एलटी पैनल की दो पंप मशीन, पैनल का पूरा तार और पेंट के लिए रखे करीब 20 लीटर वाले छह डिब्बे डिस्टेंपर समेत अन्य सामान उठा ले गए. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें : आगरा में डीजल से भरा टैंकर ट्रेलर से टकराया, सड़क पर फैलते ही लूटने की मची होड़
हजारों घरों की पानी सप्लाई प्रभावित
कबीरपुर गांव में इसी ट्यूबवेल से करीब चार से साढ़े चार हजार घरों में पानी की आपूर्ति की जाती है. पंप की मोटर और पैनल से जुड़े जरूरी उपकरण चोरी होने के कारण शनिवार सुबह से ही जलापूर्ति बंद हो गई. पानी की सप्लाई बाधित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्राम प्रधानपति महेश पटेल ने बताया कि चोरी के कारण गांव में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है. उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कराकर पानी की सप्लाई बहाल कराने की मांग की है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है.

