अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. गौरी बिलारीडी पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले पचोखर गांव में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया. लगातार बिजली गुल रहने और जला हुआ ट्रांसफार्मर दोबारा लगाए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय पहले से जला हुआ ट्रांसफार्मर ही दोबारा लगा दिया.
जैसे ही बिजली आपूर्ति के लिए तार जोड़े गए, ट्रांसफार्मर फिर से धू-धू कर जल उठा. इसके बाद पूरे गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि भीषण उमस और गर्मी के बीच चौथे दिन भी गांव अंधेरे में डूबा हुआ है. बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है. मोबाइल चार्ज करने और दैनिक जरूरतों के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें : बीमारी सप्लाई कर रहा जल निगम! 7 महीने से आ रहा गंदा पानी, 30 गांवों में हो रही दूषित जल की आपूर्ति
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली से सरकार की छवि खराब हो रही है. कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे गौरी बिलारीडी पावर हाउस का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे. वहीं, अवर अभियंता (जेई) ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि खराब ट्रांसफार्मर को जल्द बदलकर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी और समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा.

