अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई 188 दुकानों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है. जिला प्रशासन द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दुकानदारों को दो दिन के भीतर स्वयं अपनी दुकानें और भवन तोड़ने का अल्टीमेटम दिया गया था. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया जाएगा. साथ ही संबंधित दुकानदारों से जुर्माना और ध्वस्तीकरण का खर्च भी वसूला जाएगा.

जिला प्रशासन के आदेश के बाद दुकानदारों में हलचल मच गई और कई लोगों ने स्वयं अपने प्रतिष्ठानों को तोड़ना शुरू कर दिया. सड़क चौड़ीकरण अभियान के चलते क्षेत्र में लगातार प्रशासनिक निगरानी बनी हुई है. एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि दुकानदारों को अवैध निर्माण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है. उन्होंने कहा कि समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा.

इसे भी पढ़ें : मौत की ठोकरः खरीदी कर घर लौट रहे थे भाई-बहन, फिर दोनों के साथ हुआ कुछ ऐसा कि मंजर देख चीख पड़े लोग

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है ताकि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया जा सके.