Bihar Crime: बिहार के शिवहर जिले से आज गुरुवार की सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां तरियानी थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में 45 वर्षीय प्रभु राय का शव गांव के एक बगीचे में पेड़ से लटका मिला। जैसे ही घटना की जानकारी हुई पूरे गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से देख रही है।

बेटे के प्रेम प्रसंग से जुड़ रहा मामला

परिवार के लोगों के मुताबिक घटना की वजह प्रभु राय के बेटे धीरज कुमार का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीते महाशिवरात्री के दिन धीरज गांव की ही एक युवती के साथ मुंबई भाग गया था। बाद में परिजन दोनों को वापस गांव लेकर आए। इसके बाद गांव में पंचायत बैठी और मामला सुलझाने की कोशिश हुई।

आरोप है कि पंचायत ने प्रभु राय पर 7 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया और रकम चुकाने के लिए 8 मार्च तक का समय दिया गया था।

परिवार ने हत्या की आशंका जताई

मृतक के बेटे निकेश कुमार का कहना है कि, उनके पिता ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई है। परिवार का आरोप है कि वे लोग बेहद गरीब हैं और 7 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम देना उनके लिए संभव नहीं था। उनका कहना है कि जुर्माना नहीं दे पाने की वजह से कुछ प्रभावशाली लोगों ने प्रभु राय की हत्या कर दी और बाद में शव को लीची के बगीचे में पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

मामले को लेकर Sushil Kumar (एसडीपीओ) ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। घटना के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- दोनों हाथ बंधे, मुंह से बह रहा था खून… रोहतास में नहर से मिला लापता युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी