कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास(Saurav Das) ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को 15 सितंबर तक की डेडलाइन दी है। उन्होंने सरकार से स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। सौरव दास ने अपने X हैंडल पर CM रेखा गुप्ता का एक वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं।
छह महीने बाद भी स्कूल की हालत बदहाल
CJP नेता सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के दावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फरवरी में छतरपुर की संजय कॉलोनी पहुंची थीं और उस दौरान स्कूलों की व्यवस्था में व्यापक सुधार के दावे किए गए थे। सौरव दास ने आरोप लगाया कि 6 महीने बाद उसी जगह की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने लिखा कि जहां मुख्यमंत्री खड़ी होकर भाषण दे रही थीं, आज वहां कचरे की बड़ी मात्रा स्कूल आने वाले बच्चों के सामने समस्या बनी हुई है। उन्होंने आगे दावा किया कि जिस स्कूल को ठीक करने और नया बनाने की बात कही गई थी, वह अब भी बदहाल स्थिति में है। सौरव दास ने इस मुद्दे को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने और स्कूल की व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
‘स्कूल ठीक करो’ कैंपेन के दौरान सामने आईं कमियां
सौरव दास ने इलाके में मौजूद MCD और दिल्ली सरकार के स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि CJP के ‘स्कूल ठीक करो’ कैंपेन के तहत किए गए सोशल ऑडिट में स्कूलों में कई गंभीर कमियां सामने आईं। सौरव दास के मुताबिक, कुछ स्कूलों में टिन की छतें हैं और कई जगह परिसर में फर्श तक की उचित व्यवस्था नहीं है। स्कूलों के आसपास कचरा जमा होने के साथ ही मिड-डे-मील की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें मिलीं।
कंप्यूटर और लाइब्रेरी की सुविधा का भी दावा
उन्होंने दावा किया कि कुछ स्कूलों में कंप्यूटर और लाइब्रेरी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। वहीं, टॉयलेट या तो बने ही नहीं थे या बेहद खराब स्थिति में थे। सौरव दास के मुताबिक, बारिश के दौरान स्कूलों की स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल ऐसे होने चाहिए, जहां बच्चों को बेहतर और सुरक्षित माहौल मिल सके और हर मंत्री अपने बच्चों को वहां भेजने में सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने सरकार से स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
सीजेपी का सवाल- क्या मंत्री भी अपने बच्चों को ऐसे स्कूलों में भेजेंगे?
सौरव दास ने संजय कॉलोनी के सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या मंत्री या नेता अपने बच्चों को ऐसे हालात में चल रहे स्कूलों में पढ़ने के लिए भेजेंगे। दास ने कहा कि संजय कॉलोनी के स्थानीय लोग मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पिछले दौरे के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि स्कूल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार के दावे के बावजूद जमीनी स्थिति अब भी चिंताजनक है।
15 सितंबर तक की डेडलाइन
सौरव दास के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने स्कूल से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए सरकार को 15 सितंबर तक का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर तय समयसीमा में स्कूल की मरम्मत और जरूरी सुधार नहीं किए गए तो कॉकरोच जनता पार्टी दोबारा इलाके में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक पार्टी का अभियान जारी रहेगा। दास ने कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लंबे समय तक टाला नहीं जा सकता, क्योंकि “शिक्षा इतना लंबा इंतजार नहीं कर सकती।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


