धमतरी। ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के विरुद्ध धमतरी जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक की गई कार्रवाई पिछले चार वर्षों में सबसे बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई के रूप में सामने आई है। विशेष अभियान के तहत ऑनलाइन सट्टे के संगठित नेटवर्क पर प्रहार करते हुए पुलिस ने इस आईपीएल सीजन में 8 प्रकरण दर्ज कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान कुल 30,98,800 रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
यह भी पढ़ें : 28 June 2026 Horoscope : धनु राशि का चमकेगा भाग्य, कुंभ राशि को मिलेंगे धन लाभ के अवसर, जानिए अपना राशिफल
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई जांच के दौरान धमतरी पुलिस ने fancodeexch, Reddyanna, GRANDEXCHANGE, GOLDENEXCH, BLISSEXCH, CRICCODE, ALL PANNALE एवं All Paynal सहित कुल 8 ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट/एप्लीकेशन का पर्दाफाश किया गया। जिले के रूद्री, सिटी कोतवाली एवं कुरूद थाना क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वर्षवार आंकड़े दर्शाते हैं पुलिस की बढ़ती प्रभावशीलता
धमतरी पुलिस ने वर्ष 2023 से 2026 तक ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में कुल महज एक प्रकरण मे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 65,000 रुपए जप्त किए गए। इसी तरह से वर्ष 2024 में दो प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 95,995 रुपए जप्त किए। वर्ष 2025 में 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3,92,000 रुपए जप्त किए गए थे।

इन आंकड़े से साफ होता है कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2026 में ऑनलाइन सट्टे के प्रकरणों में आठ गुना, गिरफ्तार आरोपियों में आठ गुना तथा जब्त संपत्ति में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि अपराध बढ़ने का नहीं, बल्कि पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही का प्रमाण है।
एक संकल्प की कहानी – डिजिटल अपराधियों तक पहुंची पुलिस
इस सफलता के पीछे धमतरी पुलिस का थाना स्तर पर विकसित मुखबिर तंत्र, IPDR एवं CDR का तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की फोरेंसिक जांच तथा डिजिटल साक्ष्यों के सूक्ष्म परीक्षण जिम्मेदार है, जिसके माध्यम से ऑनलाइन सट्टे के उस नेटवर्क को उजागर किया जो पहले आमतौर पर पकड़ से बाहर माना जाता था।

आमातालाब रोड से लेकर रेलवे स्टेशन क्षेत्र और पीजी कॉलेज मैदान तक, जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस की कार्यवाही ने सट्टा संचालकों के नेटवर्क की परतें खोल दीं। प्रत्येक गिरफ्तारी के साथ नई जानकारियां सामने आईं और सट्टे के संगठित तंत्र का खुलासा होता गया। शेष आरोपियों की तलाश जारी मामले में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमें लगातार कार्यरत हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

