आगरा के शास्त्रीपुरम ग्राउंड से क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन बैट चोरी होने की जानकारी सामने आई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बैट की कीमत और चोरी की घटना के बारे में बताया.
आगरा. शास्त्रीपुरम ग्राउंड से क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन क्रिकेट बैट चोरी होने का मामला सामने आया है. दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इस घटना की जानकारी दी और बताया कि चोरी हुए तीनों बैट करीब डेढ़ लाख रुपये के थे.
वीडियो में क्या कहा
दीपक चाहर ने वीडियो में बताया कि शाम के समय ग्राउंड से उनके तीन बैट चोरी हो गए. उन्होंने कहा कि ये बैट काफी अच्छे और महंगे थे तथा चोरी करने वाले व्यक्ति को शायद उनकी कीमत की जानकारी नहीं होगी.
क्रिकेटर ने वीडियो में यह भी कहा कि चोरी हुए बैट को आरोपी बेच सकता है या टेनिस बॉल से खेलने में इस्तेमाल कर सकता है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वह उनसे पैसे मांगता तो वह दे देते और बैट चोरी करने की जरूरत नहीं पड़ती.
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
दीपक चाहर ने वीडियो में लोगों से यह भी पूछा कि उन्हें इस मामले में क्या कदम उठाना चाहिए. उन्होंने पुलिस में शिकायत करने के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाने और भगवान से बैट वापस मिलने की प्रार्थना करने का भी जिक्र किया.
थाना सिकंदरा के प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया कि दीपक चाहर के बैट चोरी होने के संबंध में थाने में अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. हालांकि पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है और क्रिकेटर से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.


