अजय सैनी, भिवानी. बाल भवन क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में आयोजित दीपक लोहिया मेमोरियल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में दिव्यांग हरियाणा एकादश ने शानदार जीत दर्ज की है। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा द्वारा आयोजित इस सद्भावना मैच में हरियाणा इलेवन और प्रेस इलेवन की टीमें आमने-सामने थीं।

दिव्यांग टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 190 रनों का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में पत्रकार एकादश की टीम मात्र 90 रनों पर सिमट गई। दिव्यांग एकादश ने यह मुकाबला 101 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया।

दिव्यांग खिलाड़ी अजय बिद्धू ने मात्र 36 गेंदों में 63 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। विजेता टीम को 11000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, वहीं अजय बिद्धू और अन्य खिलाड़ियों को भी विशेष नकद राशि भेंट की गई।

इस अवसर पर पूर्व जिला खेल अधिकारी दर्शन लाल मिड्ढा को विशेष अचीवमेंट सम्मान दिया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक और अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और युवाओं को प्रेरित करने के लिए जरूरी हैं।