सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण में आज बुधवार (8 अप्रैल) को जनप्रतिनिधियों के लिए जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश भी शामिल हुए। हालांकि 2,000 क्षमता वाले सभागार में महज 40-50 जन प्रतिनिधि ही पहुंचे थे, इस दौरान दीपक प्रकाश को मजबूरी में खाली कुर्सियों को ही संबोधित करना पड़ा।

जहरीली शराब कांड को लेकर कही ये बात

वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक प्रकाश बताया कि, जनसंवाद में आए जन प्रतिनिधि और आमजन की सम्स्याओं को सुना गया और उसके निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किया गया। वहीं, इस दौरान जब उनसे मोतिहारी में हुए जहरीली शराब कांड को लेकर सवाल किया गया तो, उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि, उनका सरकारी कार्यक्रम तय था। इसलिए वह अभी तक पीड़ितों से मिलने नहीं पहुंचे हैं।

अब तक 9 लोगों की मौत

दीपक प्रकाश ने कहा कि, शराब के लिए सरकार ने कानून (शराबबंदी) बनाया है और कानून नहीं बनता तो सरकार का काफी पैसा इलाज पर ही खर्च होता। गौरतलब है कि बीते 1 अप्रैल से अब तक मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इसे लेकर राज्य में सियासत भी जारी है।

निशांत को सीएम बनाने की मांग पर कही ये बात

वहीं, सीएम नीतीश कुमार के दिल्ली जाने को लेकर किए गए सवाल पर दीपक प्रकाश ने कहा कि, नीतीश कुमार जी दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली से ही उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। वहीं, जदयू नेताओं द्वारा निशांत को सीएम बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि, अभी सभी को इंतजार करना चाहिए।

कल सुखमाली पंचायत का किया था दौरा

बता दें कि दीपक प्रकाश कल मंगलवार (7 अप्रैल) को जिले के सुगौली प्रखंड स्थित सुखमाली पंचायत का दौरा किया था। यहां उन्होंने पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गड़बड़ियां उजागर होने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

इस दौरान दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि, पंचायत चुनाव नई विधि से होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, सरकार विकास के प्रति संकल्पित है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- ‘भाजपा में होने के लिए गालीबाज होना जरूरी’, रोहिणी आचार्य का हेमंत बिस्वा सरमा पर बड़ा हमला