शिवम मिश्रा, रायपुर। ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक और कारोबारी दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद अब बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में उसके होटल और घर पर दबिश दी है। बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की टीम ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित उसके घर पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने होटल का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

दरअसल, दीपक टंडन पर AI तकनीक के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के आरोप हैं। इस मामले में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना में FIR दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले दीपक टंडन को रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
होटल और घर पर पुलिस की दबिश
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बिलासपुर पुलिस की टीम रायपुर पहुंची। क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन में दबिश दी। इसके अलावा साईं नगर स्थित आरोपी के घर पर भी तलाशी ली गई। इस कार्रवाई में होटल का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस इन उपकरणों की जांच के जरिए मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी है।
मोबाइल से मिले थे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन की गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। उनकी जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी। अब होटल के DVR और पत्नी के मोबाइल की जब्ती को भी जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
DSP कल्पना वर्मा मामले में भी आया था नाम
गौरतलब है कि दीपक टंडन का नाम DSP कल्पना वर्मा मामले में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए गए। टंडन ने इस संबंध में DGP और IG से शिकायत भी की थी। हालांकि, ये आरोप टंडन की ओर से लगाए गए थे।
फिलहाल बिलासपुर पुलिस मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। होटल के DVR और जब्त मोबाइल की जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

