कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। सज्जन कुमार को लेकर दिए बयान पर चौतरफा घिरे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अब सफाई देते हुए खेद जताया है। हुड्डा ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और मीडिया में प्रसारित किया जा रहा ‘रोल मॉडल’ शब्द उन्होंने कहा ही नहीं था। उन्होंने कहा कि सिख समाज के साथ उनका भाई जैसा रिश्ता है और समाज के सुख-दुख में उनका परिवार हमेशा साथ खड़ा रहा है। 1984 के दंगों में सिख समाज को न्याय दिलाने की लड़ाई में भी वे उनके साथ हैं। हुड्डा ने कहा कि यदि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है।
दरअसल, सज्जन कुमार के निधन के बाद हुड्डा की टिप्पणी को लेकर पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। भाजपा और सिख संगठनों के विरोध के बीच कांग्रेस के भीतर से भी आवाजें उठीं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने हुड्डा के बयान से दूरी बनाई। वहीं हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से हटाने की मांग तक कर दी थी।
अब हुड्डा की सफाई को इस विवाद से हुए राजनीतिक नुकसान को थामने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

