उपराष्ट्रपति के 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनजर दून पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए रूट प्लान जारी किया है. ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और देहरादून आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
देहरादून. 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए दून पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. निर्धारित व्यवस्था के तहत शहर और मसूरी आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
19 अगस्त को ट्रैफिक प्लान दोपहर 1 बजे से 3.30 बजे तक लागू रहेगा. 20 अगस्त को सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक और फिर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी.
ऋषिकेश से आने वाले वाहन
ऋषिकेश से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर से थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रासिंग और सर्वे चौक होते हुए देहरादून में प्रवेश कराया जाएगा.
मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रासिंग से आईटी पार्क, साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा.
हरिद्वार से आने वाले वाहन
हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन से डोईवाला चौक और दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक से देहरादून शहर की ओर भेजा जाएगा.
मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी की ओर भेजा जाएगा.
मसूरी जाने के वैकल्पिक रूट
आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी भेजा जाएगा.
ईसी रोड से मसूरी जाने वाले वाहन सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रासिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए मसूरी की ओर जाएंगे. घंटाघर से आने वाले वाहनों को ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते मसूरी भेजा जाएगा.
हाथीबड़कला और दिलाराम से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए दिलाराम, ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर का रूट निर्धारित किया गया है.
हरिद्वार-ऋषिकेश वापसी रूट
देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा.
मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रासिंग, 6 नंबर पुलिया, महाराणा प्रताप चौक और थानो रोड का रूट निर्धारित किया गया है.
पुलिस की अपील
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का इस्तेमाल न करें और वाहन मुख्य मार्ग, सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर पार्क न करें.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और मौके पर दिए जा रहे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा है.


