शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों को कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में मानसून सामान्य तिथि से करीब 3 से 4 दिन की देरी से प्रवेश कर सकता है। अनुमान है कि मानसून 17 से 18 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी जिलों से दस्तक देगा और इसके बाद अगले 10 से 15 दिनों में पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा। हालांकि मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना है।
यहां तेज हवा और बारिश का अलर्ट
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बुरहानपुर, खंडवा, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर और श्योपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह जिलों में भी मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है।
40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम केंद्र के मुताबिक कई जिलों में आंधी की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में गर्मी का असर रहेगा बरकरार
दूसरी ओर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में फिलहाल गर्मी का असर बना रहने की संभावना है। यहां तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं।
इधर प्रदेश में मानसून की एंट्री भले ही कुछ दिन देरी से हो, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम का मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है, जबकि पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है।

