दिल्ली में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को इस कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। इस परियोजना के शुरू होने से मयूर विहार फेज-1, सराय काले खां और दक्षिणी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। खासतौर पर नोएडा और पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है।

1,635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ कॉरिडोर

बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी। इस परियोजना के तहत मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 11 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की योजना बनाई गई थी। निर्माण कार्य वर्ष 2015 में शुरू हुआ और इसे 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, विभिन्न अड़चनों के कारण परियोजना में करीब नौ साल की देरी हुई।

अब लगभग 1,635 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली के प्रमुख इलाकों के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे एम्स और दक्षिणी दिल्ली की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिल सकती है।

रेखा गुप्ता ने पिछली सरकार पर साधा निशाना

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परियोजना में हुई देरी को लेकर पिछली सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ निरीक्षण के दौरान उन्हें कॉरिडोर का एक बड़ा हिस्सा अधूरा मिला था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुल का निर्माण अलग-अलग हिस्सों में हुआ था, जबकि बीच का महत्वपूर्ण हिस्सा लंबे समय तक अधूरा पड़ा रहा।

साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए भी सुविधा

बारापुला फेज-3 कॉरिडोर में वाहनों के अलावा साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इसमें साइकिल चलाने वालों के लिए अलग ट्रैक और पैदल चलने वालों के लिए विशेष लेन बनाई गई है।

यमुना नदी के ऊपर बने हिस्से में लंबे स्पैन वाली संरचना और शीशे की रेलिंग का इस्तेमाल किया गया है। इससे कॉरिडोर की बनावट को विशेष रूप मिलता है। परियोजना के चालू होने से क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने और दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m