दीपावली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। दिवाली के दिन दिल्ली मेट्रो की तीन प्रमुख लाइनों पर सेवाएं सामान्य दिनों की तुलना में एक घंटे पहले शुरू होंगी। हालांकि, यात्रियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन के रवाना होने का समय भी एक घंटे पहले कर दिया गया है।
DMRC ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। निगम के मुताबिक, पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर रविवार को आमतौर पर सुबह 7 बजे शुरू होने वाली मेट्रो सेवाएं दिवाली के दिन सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। इन तीनों लाइनों के सभी संबंधित टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होगी।
इन रूटों पर सुबह 6 बजे से मिलेगी मेट्रो
DMRC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, समय में बदलाव इन रूटों पर लागू होगा:
पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मजलिस पार्क/शिव विहार।
मैजेंटा लाइन: बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक।
ग्रे लाइन: द्वारका काकरोला से धंसा बस स्टैंड।
रात 10 बजे रवाना होगी आखिरी मेट्रो
दिवाली के दिन शाम को होने वाले जश्न को ध्यान में रखते हुए DMRC ने सभी मेट्रो लाइनों के परिचालन समय में भी बदलाव किया है। निगम के अनुसार, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन टर्मिनल स्टेशनों से रात 10 बजे रवाना होगी। सामान्य दिनों में आखिरी मेट्रो रात 11 बजे चलती है।
यात्रियों के लिए DMRC की सलाह
DMRC ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे दिवाली के दिन यात्रा की योजना बदली हुई समय-सारणी के अनुसार बनाएं। मेट्रो सेवाओं की समय-सारणी और अन्य जरूरी अपडेट के लिए यात्री दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

