Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (09 फरवरी 2026) की खबरों में ई-बसों की दौड़ में देश की नंबर-1 राजधानी बनी दिल्ली, DTC कर्मचारियों के लिए CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला, सुनवाई के दौरान एक वकील ने दूसरे वकील को पीटा, CJI भड़के, दिल्ली में 5 स्टार होटलों के रूम किराए में उछाल, अफजल गुरु का नाम लेकर संसद में धमाके की धमकी प्रमुख रहा।

ई-बसों की दौड़ में देश की नंबर-1 राजधानी बनी दिल्ली
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन में रविवार को एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के बेड़े में शामिल किया। इस ऐतिहासिक मौके पर राजधानी दिल्ली से पानीपत के बीच नई अंतरराज्यीय ई-बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इन 500 नई ईवी बसों के शामिल होने के साथ, दिल्ली अब देश में सबसे बड़े ई-बस बेड़े वाला राज्य बन गया है।

DTC कर्मचारियों के लिए CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के हजारों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए 1,200 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत न सिर्फ कर्मचारियों के वेतन और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए दिल्ली के यातायात को और सुगम बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस अनुदान का बड़ा हिस्सा डीटीसी कर्मचारियों के वेतन भुगतान और उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समर्पित किया गया है। इसके साथ ही पेंशनभोगियों को समय पर पेंशन मिलने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

सुनवाई के दौरान एक वकील ने दूसरे वकील को पीटा, CJI भड़के
दिल्ली की तीस हजारी जिला अदालत के कोर्ट रूम में भारी बवाल हो गया। यहां कोर्ट के भीतर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। हैरानी की बात है कि पूरी घटना जज के सामने हुई। कोर्ट में जब जज बैठे थे तभी एक आरोपी का पक्ष पेश कर रहे वकील को दुसरे वकील ने अपने साथियों के साथ पीट दिया। मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान पीड़ित वकील ने CJI के सामने बताया कि जब वह एक आरोपी की ओर से पेश हो रहे थे, तब दूसरे पक्ष के वकील कुछ लोगों के साथ जबरन अदालत कक्ष में घुस आए। उस वक्त जज कोर्ट में बैठे थे, लेकिन फिर भी वकील पर हमला किया गया। वकील ने कहा कि पुलिस ने कोई मदद नहीं की।

दिल्ली में 5 स्टार होटलों के रूम किराए में उछाल
राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ को लेकर होटल इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इस दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि, वक्ता और टेक एक्सपर्ट शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, सम्मेलन के लिए दुनियाभर से 35,000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए हैं। इसी वजह से राजधानी के 5 स्टार होटलों के कमरों के किराए में भारी उछाल देखा जा रहा है। होटल प्रबंधन ने बताया कि मांग बढ़ने के कारण कई जगहों पर किराए सामान्य से 30-50 प्रतिशत अधिक हो गए हैं।

अफजल गुरु का नाम लेकर संसद में धमाके की धमकी
राजधानी दिल्ली के कई नामी-गिरामी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आज सुबह अलग-अलग स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद एहतियातन छात्रों और स्कूल स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूत्रों के मुताबिक धमकी भरे ई-मेल में संसद हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु का नाम लेते हुए हमले की मंशा जाहिर की गई है। इसके अलावा ई-मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने जैसे भड़काऊ और आपत्तिजनक दावे भी किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, साउथ दिल्ली के तीन स्कूलों समेत कुल नौ स्कूलों को बम हमले की धमकी वाले ई-मेल मिले हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में प्राइवेट बस में आग लगने से हेल्पर जिंदा जला: दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक प्राइवेट बस में आग लगने से 25 वर्षीय हेल्पर सुनील की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना की प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया गया है कि आग अगरबत्ती जलाने के कारण लगी। पुलिस ने बताया कि सुनील रात में बस में ही सोता था और उस समय मच्छरों को भगाने के लिए अगरबत्ती जलाई जा रही थी। आग लगने के तुरंत बाद बस में बड़ा नुकसान हुआ और सुनील गंभीर रूप से झुलस गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में मिशन प्रदूषण नियंत्रण का आगाज़: CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने की दिशा में एक और निर्णायक कदम उठाते हुए सोमवार को 6 नए सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (Continuous Ambient Air Quality Monitoring Stations, CAAQMS) और 100 वायु रक्षक पहल का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदूषण के विरुद्ध लड़ाई केवल सर्दियों की नहीं, बल्कि पूरे साल चलने वाला अभियान है और दिल्ली सरकार इसके लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है. (पढ़े पूरी खबर)
पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब मामले दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस: पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब रिलीज से पहले विवादों में आ गई है. नरवणे की किताब पर FIR दर्ज की गई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केस दर्ज किया है. प्री-प्रिंट कॉपी लीक करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया और कुछ न्यूज फोरम पर सामने आई जानकारी का संज्ञान लिया है, जिसमें दावा किया गया कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ नाम की किताब की प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन सर्कुलेट हो रही है. बताया गया कि इस किताब को अभी संबंधित अधिकारियों से प्रकाशन की जरूरी मंजूरी नहीं मिली है. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में आज फिर होगी बादलों और कोहरे की दस्तक: राजधानी दिल्ली में रविवार को दिनभर तेज धूप और हल्की हवा के चलते मौसम खुशनुमा बना रहा। हालांकि, इसके बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिन में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। नमी की बात करें तो राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी और न्यूनतम 36 फीसदी दर्ज की गई, जिससे सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस की गई। (पढ़े पूरी खबर)
चाकूबाजी से DDA पार्क में नाबालिग की मौत: राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में रविवार को चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। डीडीए पार्क में हुए इस हमले में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान नाबालिग ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक का उपचार जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
फेक Liv-52 बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़: गाजियाबाद मुरादनगर पुलिस ने एक नामी दवा कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर लिवर की नकली दवा Liv-52 तैयार कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार नकली Liv-52 टैबलेट, लगभग डेढ़ हजार खाली सफेद रंग की डिब्बियां, रैपर और पैकिंग से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी नकली दवा को असली बताकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे, जिससे लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


