Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (21 फरवरी 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया ‘सीएम जन सुनवाई ऐप’, दिल्ली समेत कई शहरों में आतंकी हमले का अलर्ट, दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सख्ती, दिल्ली ट्रैफिक जाम पर फिर सक्रिय हुआ केंद्र, पैतृक या विरासत में मिली संपत्ति भी मनी लॉन्ड्रिंग कुर्की से सुरक्षित नहीं प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया ‘सीएम जन सुनवाई ऐप’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता की शिकायतों के तेज और पारदर्शी समाधान के लिए नया ‘सीएम जन सुनवाई पोर्टल’ और मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। अब नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से शिकायत दर्ज कर सकेंगे। पोर्टल और ऐप के माध्यम से शिकायत की प्रगति भी ट्रैक की जा सकेगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। सरकार का कहना है कि इससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और समस्या का समाधान जल्दी होगा। ऐप और पोर्टल में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया सरल और यूजर-फ्रेंडली है।

दिल्ली समेत कई शहरों में आतंकी हमले का अलर्ट
देश की राजधानी दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में संभावित आतंकी हमले को लेकर खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला और अन्य प्रमुख शहरों के बड़े मंदिरों के आसपास धमाके की साजिश रच रहा है। अलर्ट के बाद दिल्ली समेत कई महानगरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सख्ती
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की 27वीं बैठक शुक्रवार को आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदूषण की गंभीर स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पर्यावरण मंत्रालय के आदेश के तहत डॉ. एसडी अत्री को आयोग में फुल-टाइम टेक्निकल मेंबर के रूप में दोबारा नियुक्त किए जाने की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को और मजबूत करने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दिल्ली ट्रैफिक जाम पर फिर सक्रिय हुआ केंद्र
राजधानी दिल्ली में सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जाम की चुनौती का स्थायी समाधान तलाशने के लिए गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक हाईपावर कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी दिल्ली में ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेगी और जाम से राहत दिलाने के लिए ठोस सुझाव तैयार करेगी। समिति में परिवहन, पुलिस, शहरी विकास और सड़क अवसंरचना से जुड़े कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, ताकि समन्वित योजना बनाकर उसे जमीन पर लागू किया जा सके।

पैतृक या विरासत में मिली संपत्ति भी मनी लॉन्ड्रिंग कुर्की से सुरक्षित नहीं
दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने स्पष्ट किया है कि पैतृक या विरासत में मिली संपत्ति प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कुर्की की कार्रवाई से स्वतः सुरक्षित नहीं रहती। जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रवींदर डुडेजा की डिवीजन बेंच ने अपने अहम फैसले में टिप्पणी की कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में कुर्की की कार्रवाई में पैतृक या विरासत में मिली संपत्तियों के लिए कानून में कोई अपवाद नहीं है। कोर्ट ने कहा कि अगर किसी संपत्ति का स्रोत संदिग्ध पाया जाता है, चाहे वह विरासत या पैतृक संपत्ति ही क्यों न हो, जांच एजेंसियों को कार्रवाई करने का अधिकार है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
अब हर रोज खुलेगा लाल किला: दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किला अब सप्ताह के सभी दिन आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। पहले यह मुगलकालीन स्मारक प्रत्येक सोमवार को बंद रहता था। (पढ़े पूरी खबर)
द्वारका में रिटायर्ड आर्मी कैप्टन से 65 लाख की साइबर ठगी: द्वारका इलाके में साइबर ठगों ने आर्मी से रिटायर्ड 75 वर्षीय कैप्टन को निशाना बनाकर करीब 65 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले परिचित बनकर फोन किया और धीरे-धीरे ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसा लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ गंभीर मामला दर्ज है और उन्हें ऑनलाइन निगरानी में रखा गया है। डर के माहौल में बुजुर्ग को किसी से बात न करने की हिदायत दी गई और जांच के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में फिर तेज रफ्तार का कहर: पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेड लाइट के पास एक तेज रफ्तार वरना कार ने ई-स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल डिलीवरी बॉय को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
घरेलू काम को नहीं नकारा जा सकता: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने गुजारा भत्ता (मेंटेनेंस) से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला देते हुए कहा है कि घरेलू काम और बच्चों की परवरिश को ‘काम’ नहीं मानना गलत है। अदालत ने स्पष्ट किया कि घर संभालना भी उतना ही अहम और मूल्यवान कार्य है जितना बाहर जाकर नौकरी करना। अदालत ने कहा कि यदि पत्नी पढ़ी-लिखी है या काम करने में सक्षम है, तो केवल इसी आधार पर उसे गुजारा भत्ता देने से इनकार नहीं किया जा सकता। जब तक यह साबित न हो कि पत्नी वास्तव में पर्याप्त आय अर्जित कर रही है, तब तक उसे मेंटेनेंस से वंचित करना उचित नहीं होगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में रेखा सरकार के एक साल का रिपोर्ट कार्ड: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपने एक साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि यह साल केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों वाला रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में राजधानी की दशा में और सुधार आएगा। सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए कई योजनाओं को लागू किया। पहली कैबिनेट बैठक में ही यह योजना लागू की गई, जिसके तहत 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


