Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (20 फरवरी 2026) की खबरों में दिल्ली के ट्रैफिक पर ब्रिटेन के पूर्व PM ऋषि सुनक ने कसा तंज, ट्रैफिक नियम तोड़ने में दिल्लीवाले सबसे आगे, दिल्ली में BJP सरकार का एक साल पूरा, नई दिल्ली मैराथन 2026: 22 फरवरी को सुबह 3:30 बजे से चलेंगी मेट्रो ट्रेनें प्रमुख रहा।

दिल्ली के ट्रैफिक पर ब्रिटेन के पूर्व PM ऋषि सुनक ने कसा तंज
ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इंपैक्ट समिट के कार्यक्रम में पहुंचने में देरी होने पर हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिल्ली के ट्रैफिक पर तंज कसा। उन्होंने मंच से कहा कि सेशन के लेट शुरू होने की जिम्मेदारी उनकी है और मजाकिया लहजे में जोड़ा “एआई बहुत सारी समस्याओं को कम कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक कम करना उसके लिए भी मुश्किल है।” उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी। सुनक का यह बयान दिल्ली के भारी ट्रैफिक की ओर इशारा करता है, जो अक्सर बड़े आयोजनों और व्यस्त समय में और बढ़ जाता है।

ट्रैफिक नियम तोड़ने में दिल्लीवाले सबसे आगे
राजधानी दिल्ली के लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने के मामले में देश में सबसे आगे हैं। ट्रैफिक कानून तोड़ने के कारण देशभर में वसूले गए कुल जुर्माने की लगभग आधी राशि अकेले दिल्लीवासियों ने भरी है। इस बात का खुलासा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की उस रिपोर्ट में हुआ है, जो न्यायपालिका के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर तैयार की गई है।

दिल्ली में BJP सरकार का एक साल पूरा
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शुक्रवार (20 फरवरी) को मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मारुतिनंदन का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि सरकार को सेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण, विनम्रता तथा जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की शक्ति मिले। सीएम ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य राजधानी के हर नागरिक के जीवन को बेहतर बनाना है और आने वाले समय में विकास व जनहित से जुड़ी योजनाओं को और तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

नई दिल्ली मैराथन 2026: 22 फरवरी को सुबह 3:30 बजे से चलेंगी मेट्रो ट्रेनें
‘नई दिल्ली मैराथन 2026’ (New Delhi Marathon 2026 )को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 22 फरवरी को कुछ मेट्रो लाइनों पर विशेष सर्विस जल्दी शुरू करने का फैसला किया है। डीएमआरसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी एडवाइजरी में बताया कि रविवार को मेट्रो ट्रेनें सुबह 3:30 बजे से चलेंगी और सुबह 6 बजे तक हर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी। सुबह 6 बजे के बाद ट्रेनें सामान्य समय सारणी के अनुसार चलेंगी। डीएमआरसी ने कहा है कि यह कदम मैराथन में भाग लेने वाले एथलीटों और दर्शकों की सुविधा के लिए उठाया गया है, ताकि वे समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच सकें।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में 24 नई अटल कैंटीन का शुभारंभ: राजधानी दिल्ली में सस्ती और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराने वाली योजना को बड़ा विस्तार मिला है। 24 नई अटल कैंटीनों की शुरुआत के साथ शहर में इनकी कुल संख्या बढ़कर 70 हो गई है। कृष्णा नगर की नर्सरी बस्ती से डिजिटल माध्यम से आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में विनय कुमार सक्सेना और रेखा गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद दोनों नेताओं ने आम नागरिकों के साथ बैठकर भोजन किया और योजना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। (पढ़े पूरी खबर)
UPI फ्रॉड पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त: ऑनलाइन पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच दिल्ली में UPI फ्रॉड के मामलों में तेजी से इजाफा होने पर दिल्ली हाई कोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। अदालत ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से जवाब तलब किया है। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने UPI फ्रॉड रोकने तथा पीड़ितों को तुरंत राहत देने के लिए ठोस गाइडलाइंस बनाने की मांग पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किए। कोर्ट ने कहा कि डिजिटल भुगतान के बढ़ते दायरे के साथ साइबर ठगी की घटनाएं भी चिंताजनक स्तर पर पहुंच रही हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर 17 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या: दिल्ली के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक 17 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना सुबह 11:07 बजे मेट्रो कंट्रोल रूम को मिली। बताया गया कि युवक प्लेटफॉर्म से ट्रैक पर कूद गया और उसी समय मेट्रो ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर तुरंत पहुंची पुलिस ने जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि युवक की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
जनकपुरी में तेज रफ्तार का कहर: जनकपुरी (पश्चिम दिल्ली) इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी की सुबह माता चानन देवी अस्पताल से पीसीआर को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की समेत दो लोग सड़क दुर्घटना में घायल हुए हैं। हादसे में बच्ची और उसकी नानी मर्सी जेवियर (57) को पहले माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें द्वारका स्थित एक उन्नत चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया गया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाई कोर्ट ने बलात्कार की याचिका की खारिज: दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में कहा है कि न्यायिक प्रणाली को ऐसा मंच नहीं बनाया जा सकता, जहां वयस्क व्यक्ति अपनी पूरी समझदारी और जानकारी से लिए गए फैसलों को बाद में बदल सकें। कोर्ट ने इस टिप्पणी में व्यक्तिगत स्वायत्तता और कानूनी जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि वयस्क व्यक्ति अपने निर्णय लेने में सक्षम हैं और उनका फैसला उनके निजी और कानूनी अधिकार का हिस्सा है। न्यायपालिका का काम केवल यह सुनिश्चित करना है कि निर्णय उचित और कानूनी रूप से सही हो, न कि वयस्कों द्वारा लिए गए समझदार फैसलों को बदलना। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


