दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (SI) मनीष भाटी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के कुछ घंटों बाद खुद भी सर्विस पिस्टल से आत्महत्या कर ली। यह सनसनीखेज घटना सोमवार रात से मंगलवार तक दो अलग-अलग स्थानों पर सामने आई, जिससे पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
पत्नी की गोली मारकर हत्या, फिर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में मनीष भाटी ने अपनी पत्नी को सर्विस पिस्टल से गोली मार दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
मयूर विहार की पार्किंग में मिला शव
मंगलवार को मयूर विहार फेज-1 स्थित निगम पार्किंग में मनीष भाटी का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसने अपनी ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। मौके से पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
घरेलू कलह और शराब की लत बनी वजह?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनीष भाटी ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव का निवासी था। वह 12वीं तक शिक्षित था, जबकि उसकी पत्नी अधिक पढ़ी-लिखी थी। दोनों परिवार दूध के कारोबार से जुड़े हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भाटी को शराब पीने की लत थी और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से वैचारिक मतभेद व घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस इन पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
2022 में दिल्ली पुलिस में हुआ था भर्ती
मनीष भाटी वर्ष 2022 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। वर्ष 2023 में उसकी पहली तैनाती स्पेशल सेल में हुई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में उसका तबादला पूर्वी जिले में किया गया, जहां वह एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) में तैनात था।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
दोहरी मौत की इस घटना के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

