Delhi Rain News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार, 4 सितंबर की दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर देखने को मिली, जहां पानी भरने के कारण एयरपोर्ट के आगमन क्षेत्र को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा।
IGI एयरपोर्ट के बाहर भारी जलभराव
बारिश के बाद एयरपोर्ट के बाहर सड़कें पानी में डूब गईं। यात्रियों को बाहर निकलने और वाहनों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय बाद यहां ऐसे हालात देखने को मिले हैं। जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
दिल्ली के कई इलाकों में पानी-पानी
दिल्ली में लगातार बारिश के चलते सुब्रतो पार्क और नर्मदा अपार्टमेंट समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पार करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को आम तौर पर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।
गुरुग्राम में भी झमाझम बारिश
दिल्ली के साथ गुरुग्राम में भी शुक्रवार को तेज बारिश हुई। सुबह से छाए काले बादलों के बाद हुई बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। कई सड़कों पर जलभराव और गड्ढों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। प्रशासन की ओर से जलभराव रोकने के दावों के बावजूद कई इलाकों में स्थिति चुनौतीपूर्ण नजर आई।
गुरुवार को भी हुई थी बारिश
दिल्ली में गुरुवार को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। आयानगर में 3.9 मिमी, पालम में 3.1 मिमी और लोधी रोड पर 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



