राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहने का आदेश जारी किया गया है। यह फैसला राजधानी में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को देखते हुए लिया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ स्वायत्त संस्थान और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) भी इस दिन बंद रहेंगे।

12 और 13 सितंबर को होगा BRICS Summit

BRICS Summit 2026 का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में किया जाएगा। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में BRICS देशों के बीच आर्थिक सहयोग, वैश्विक चुनौतियों और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

11 सितंबर को शुक्रवार की छुट्टी और उसके बाद 12 सितंबर शनिवार तथा 13 सितंबर रविवार होने के कारण दिल्लीवासियों को लगातार तीन दिनों का लंबा वीकेंड मिल गया है।

निजी संस्थानों और विश्वविद्यालयों पर क्या होगा असर?

हालांकि, उपराज्यपाल कार्यालय के आदेश में सरकारी संस्थानों, स्वायत्त निकायों और PSU के बंद रहने की बात स्पष्ट है। ऐसे में निजी स्कूलों, निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 11 सितंबर की छुट्टी लागू होगी या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अभिभावकों और छात्रों को अपने संबंधित संस्थान की ओर से जारी आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।

चौथी बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा भारत

भारत BRICS के संस्थापक सदस्यों में शामिल है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में BRICS की अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। खास बात यह है कि 2026 में BRICS अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m