INDI गठबंधन और विभिन्न संगठनों के विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी में तैनात करीब 20,000 अर्धसैनिक बलों के जवान अगले एक महीने तक तैनात रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, विरोध प्रदर्शनों के अलावा आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।

दिल्ली में प्रदर्शन के लिए तय हुए नए स्थल

दिल्ली में अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल बनाया गया है। वहीं, पहले प्रदर्शन के लिए निर्धारित जंतर-मंतर को नई सूची से बाहर कर दिया गया है। जंतर-मंतर राजधानी के हाई-सिक्योरिटी सेंट्रल जोन में स्थित है।

सूत्रों के अनुसार, नए प्रदर्शन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत ऑडिट पूरा कर लिया गया है। इस बदलाव के बाद प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थलों पर ही प्रदर्शन करने की अनुमति दिए जाने की व्यवस्था पर जोर रहेगा।

दिल्ली बॉर्डर, रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनलों पर बढ़ी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच तेज कर दी है, ताकि बिना अनुमति भीड़ जुटने की आशंका को कम किया जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। इसके अलावा, होटलों, गेस्ट हाउस, लॉज और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों के सत्यापन का अभियान भी तेज किया गया है।

दिल्ली पुलिस के हजारों जवान भी तैनात

अर्धसैनिक बलों के साथ दिल्ली पुलिस के हजारों जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटकर निगरानी की जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी जमीनी स्तर पर हालात पर नजर रख रहे हैं।

राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजामों का उद्देश्य विरोध प्रदर्शनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आगामी त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m