राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में 10 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता कक्षा छह में पढ़ती है। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची सदर बाजार इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है और एक निजी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। वह स्टेशनरी का सामान लेने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर वारदात हुई।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाने में गुरुवार को दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और बंधक बनाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले में 56 वर्षीय आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है।

दुकान के अंदर ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी मकसूद पीड़िता के घर से कुछ दूरी पर कपड़ों की सिलाई का काम करता है। बुधवार रात करीब 10 बजे बच्ची कॉपी-पेन खरीदने के लिए अकेले बाजार जा रही थी। आरोप है कि जब वह आरोपी की दुकान के सामने से गुजर रही थी, तब मकसूद ने उसे जबरन दुकान के अंदर ले लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया।

दुकान के बाहर छोड़कर फरार हुआ आरोपी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान दुकान का दरवाजा खटखटाया गया, जिससे आरोपी घबरा गया। कुछ देर बाद उसने दरवाजा खोला और बाहर किसी को नहीं देखकर बच्ची को दुकान के बाहर छोड़कर फरार हो गया। इस बीच बच्ची के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी मां और मौसी उसे तलाशने के लिए निकलीं। तलाश के दौरान बच्ची आरोपी की दुकान के सामने मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पिता पर 4 वर्षीय बेटी के अपहरण और यौन शोषण का आरोप

वहीं, दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में एक अन्य मामले में 4 वर्षीय बच्ची के पिता पर ही उसके अपहरण और यौन शोषण का आरोप लगा है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय महिला ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसका पति से इसी साल फरवरी में तलाक हो गया था। आरोप है कि बुधवार को उसके पूर्व पति ने रोहिणी सेक्टर-18 इलाके से उनकी 4 वर्षीय बेटी को अपने साथ ले लिया। इसके बाद महिला ने समयपुर बादली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, इसी बीच आरोपी शाम को खुद बच्ची को लेकर थाने पहुंच गया। बच्ची को पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया। मामले में आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m