दिवाली से पहले 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली व्यापार महासंघ ने रैली का विरोध करते हुए इसकी अनुमति और मैदान की बुकिंग तत्काल रद्द करने की मांग की है। महासंघ ने इस संबंध में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखा है। व्यापारियों का कहना है कि रैली के कारण त्योहारी सीजन में कारोबार, यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
दिवाली के कारोबार पर असर की आशंका
दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बावेजा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि दिवाली से पहले का समय राजधानी के थोक और खुदरा कारोबार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ माल की खरीद-बिक्री और ढुलाई भी तेज हो जाती है।
व्यापारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान के आसपास चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र स्थित हैं। ऐसे में रैली के दौरान बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन होने से कारोबार प्रभावित हो सकता है। महासंघ ने आशंका जताई है कि इससे दिल्ली के करीब 30 प्रतिशत थोक व्यापार पर असर पड़ सकता है।
अस्पतालों और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में होगी परेशानी
महासंघ ने रैली के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ने और आम जनता को होने वाली परेशानियों पर भी चिंता जताई है। रामलीला मैदान के आसपास एलएनजेपी, जीबी पंत, मौलाना आजाद और गुरु नानक आई सेंटर जैसे प्रमुख अस्पताल हैं। इसके अलावा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भी नजदीक स्थित है। व्यापारियों का कहना है कि भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति में मरीजों, एंबुलेंसों और रेल यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
शहर से बाहर रैली कराने की अपील
दिल्ली व्यापार महासंघ ने स्पष्ट किया कि वह लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक विरोध के अधिकार का सम्मान करता है। हालांकि, संगठन का कहना है कि जनहित, जनसुरक्षा और व्यापारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए रैली के लिए वैकल्पिक स्थान चुना जाना चाहिए।
महासंघ ने प्रशासन से मांग की है कि रामलीला मैदान की बुकिंग रद्द कर कार्यक्रम को दिल्ली से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर आयोजित करने की व्यवस्था की जाए। अब इस मांग पर प्रशासन के रुख पर नजर रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

