दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को मोटर कारकेड का रिहर्सल किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों के तहत सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दिल्ली के 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान 35 से अधिक सड़कें प्रभावित होंगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिहर्सल के दौरान प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
11 से 13 सितंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान भी रिहर्सल वाले रूट पर लगभग इसी तरह के ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे। रिहर्सल के जरिए सम्मेलन के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की तैयारियों को परखा जाएगा। रिहर्सल के लिए विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधियों के ठहरने के 12 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों से प्रतिनिधियों को BRICS आयोजन स्थल तक पहुंचाने और कार्यक्रम के बाद उन्हें वापस उनके ठहरने वाले स्थानों तक ले जाने की व्यवस्था का भी ट्रायल किया जाएगा।
कई मार्गों पर आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कारकेड रिहर्सल के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक डब्ल्यू-प्वाइंट से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह राम चरण अग्रवाल चौक से मालवाहक वाहनों को डब्ल्यू चौक की ओर जाने की इजाजत नहीं होगी। मीर दर्द चौक से महाराजा मंजीत सिंह मार्ग की ओर भी आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी-हैक्सागन की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से रिहर्सल के दौरान प्रतिबंधित मार्गों से बचने और यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की योजना बनाने की अपील की है।
22 प्वाइंट्स पर डायवर्जन रहेगा
कारकेड रिहर्सल के दौरान दिल्ली के 22 प्रमुख प्वाइंट्स पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इनमें पटेल चौक से विंडसर प्लेस और संसद मार्ग की ओर जाने वाले मार्ग, आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड और तालकटोरा रोड, वंदे मातरम मार्ग से साइमन बोलिवर मार्ग समेत कई प्रमुख रास्ते शामिल हैं। इसके अलावा धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर से शांति पथ, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग गोल चक्कर से यशवंत प्लेस, मदरसा टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग की ओर भी आवाजाही प्रभावित रहेगी। लोधी रोड से जुड़े कई चौराहों, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, रिंग रोड-भैरों रोड और मंडी हाउस समेत 22 प्वाइंट्स पर डायवर्जन रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
ये सड़कें प्रभावित रहेंगी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कारकेड रिहर्सल के दौरान दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, शांति मार्ग, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्सटॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग समेत कई अन्य प्रमुख सड़कें भी प्रभावित रहेंगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



