राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाली ब्रिक्स समिट (BRICS summit) को लेकर ट्रैफिक पुलिस (Delhi traffic police ) ने एडवाइजरी जारी की है। VIP काफिलों की सुचारू आवाजाही और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली में 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं, 35 से अधिक सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और VIP मूवमेंट को देखते हुए जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकने या वैकल्पिक मार्ग की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

इन इलाकों की सड़कों पर विशेष निगरानी

ट्रैफिक एडवाइजरी में नई दिल्ली और आसपास के कई प्रमुख मार्गों को नियंत्रित क्षेत्र में शामिल किया गया है। इनमें मथुरा रोड, भैरों मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, मंडी हाउस, जनपथ, शेरशाह रोड और इंडिया गेट के आसपास के मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा अकबर रोड, पृथ्वीराज रोड, सरदार पटेल मार्ग, मोतीबाग और आरके पुरम समेत कई प्रमुख सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान जरूरत के अनुसार इन मार्गों पर ट्रैफिक को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम इन रास्तों पर जाने से बचें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए भी रूट तय

ब्रिक्स समिट के दौरान आईजीआई एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। ट्रैफिक एडवाइजरी में अलग-अलग दिशाओं से एयरपोर्ट पहुंचने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बताए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। साथ ही, रास्ते में लागू यातायात प्रतिबंधों और संभावित डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।

रेलवे स्टेशन जाने के लिए भी वैकल्पिक मार्ग

नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलें और संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।

सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। खासकर नियंत्रित क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए मेट्रो को सुविधाजनक विकल्प बताया गया है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

वीआईपी काफिलों के दौरान अस्थायी रोक

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों और वीआईपी काफिलों की आवाजाही के समय प्रमुख सड़कों पर कुछ देर के लिए यातायात रोका या नियंत्रित किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, ये व्यवस्थाएं सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए की जा रही हैं। एडवाइजरी में लोगों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने, नियंत्रित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

इमरजेंसी सर्विस को मिलेगी प्राथमिकता

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ट्रैफिक प्रतिबंधों के बीच जरूरी और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। एंबुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी जरूरत के अनुसार आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। निर्धारित अनुमति के बिना कमर्शियल वाहनों को नियंत्रित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इन मार्गों से न करें यात्रा

ब्रिक्स समिट के दौरान सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित करने की तैयारी की है। लोगों को मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-पॉइंट से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, सत्य मार्ग, पृथ्वीराज रोड, फिरोजशाह रोड, अशोक रोड, तुगलक रोड, नीला गुंबद, पंचशील मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू (भीकाजी कामा प्लेस से यशवंत प्लेस तक), ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, तिलक मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड, न्याय मार्ग इन रास्तों पर अनावश्यक यात्रा से बचने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

11 सितंबर को स्कूलों में रहेगी छुट्टी

ब्रिक्स समिट को देखते हुए 11 सितंबर को दिल्ली के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक, निदेशालय के तहत आने वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और बिना सहायता वाले मान्यता प्राप्त निजी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे। एक अधिकारी के मुताबिक, 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक तैयारियों और वीआईपी वाहनों के काफिलों की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसका उद्देश्य समिट के दौरान सड़कों पर यातायात का दबाव कम करना और आम लोगों को कम से कम परेशानी सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, केंद्र और दिल्ली सरकार के कार्यालय भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m