रायपुर। राजधानी रायपुर से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महज 5 हजार रुपये की उधारी को लेकर हुए विवाद में युवकों ने अपने 19 वर्षीय साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक को पैसे लौटाने के बहाने रेलवे पटरी के पास बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने 24 घंटे में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

रेलवे ट्रैक पर मिला था युवक का शव

जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर एक युवक के मृत पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान प्रीतम साहू (19 वर्ष), निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई।

शुरुआत में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

5 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को 5 हजार रुपये उधार दिए थे। निखिल द्वारा रकम वापस नहीं करने पर प्रीतम लगातार उससे पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर 16 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद निखिल ने प्रीतम से कहा कि वह उसे रेलवे पटरी के पास एटीएम से पैसे निकालकर दे देगा। इसके बाद वह प्रीतम को अपने साथ रेलवे पटरी की ओर ले गया।

साथियों के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट

इस दौरान रेलवे पटरी के पास निखिल ने अपने साथी दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू और दो नाबालिगों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रीतम की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी टिटलागढ़, ओडिशा की ओर भाग गए थे।

मामले की जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत BNS की धारा 103(1), 238, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

हत्या मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  1. निखिल ध्रुव (20 वर्ष)
  2. दीपक साहू (22 वर्ष)
  3. नितिन प्रधान उर्फ सोमू (21 वर्ष)

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H