देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक युवती को कार से ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, युवती का पूर्व परिचित उसे घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर ले जाने लगा. युवती को जब शक हुआ कि उसे किसी दूसरी जगह ले जाया जा रहा है तो उसने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया. आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी युवती को कार में छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- अद्भुत होगा दीपोत्सवः 32 लाख दीयों का विशाल लक्ष्य को पूरा करने के लिए टेंडर जारी, 2,100 ड्रोन्स से रचेगा अलौकिक इतिहास

दोस्त के साथ सलेमपुर से देवरिया आई थी युवती

देवरिया पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को युवती अपने दोस्त अभिषेक यादव के साथ सलेमपुर से देवरिया आ रही थी. अभिषेक उसे सोनूघाट पर छोड़कर वापस सलेमपुर चला गया. इसके बाद युवती घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान उसका पूर्व परिचित विकास यादव वहां पहुंचा.

घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाया

पुलिस के अनुसार, विकास यादव युवती को घर छोड़ने की बात कहकर कार में बैठाकर ले जाने लगा. कुछ दूर जाने के बाद युवती को आशंका हुई कि उसे घर की बजाय किसी दूसरी जगह ले जाया जा रहा है. उसने इसका विरोध किया और चिल्लाने लगी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे. पुलिस का कहना है कि लोगों के जुटने के बाद विकास यादव और उसका साथी युवती को कार में छोड़कर फरार हो गए.

एएसपी आवास के पास हुई घटना

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में एएसपी आवास से कुछ दूरी पर हुई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लिया. युवती को थाने ले जाकर उससे पूछताछ की गई और उसके परिजनों को सूचना दी गई.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश से हालात बिगड़े, 45 घंटे में 12 की मौत; 32 जिलों में बाढ़ का खतरा

तहरीर पर केस, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पुलिस के मुताबिक, युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.