सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या, राज्य की कानून व्यवस्था, छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक व्यवस्था और विपक्षी दलों के आंदोलनों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

narayana

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर सख्त टिप्पणी

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि चुनाव हारने के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक कथित रूप से “नापाक हरकतों” में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई तय है। साव ने दावा किया कि राज्य में कानून का राज स्थापित किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी के इस्तीफे पर कसा तंज

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा न दिए जाने को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। साव ने कहा कि विपक्ष का ध्यान संविधान या लोकतांत्रिक मूल्यों पर नहीं, बल्कि केवल अपने हितों पर रहता है। उन्होंने इसे “सत्ता लोलुपता का उदाहरण” बताया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर कही ये बात

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व और देश की सैन्य शक्ति का परिणाम था। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के जरिए सरहद पर सक्रिय आतंकियों की ताकत को समाप्त किया गया और पहलगाम हमले का जवाब भारतीय सेना ने दिया। उन्होंने सेना की बहादुरी को नमन किया।

प्रशासनिक सर्जरी को लेकर रखा अपना पक्ष

छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुई बड़ी प्रशासनिक नियुक्तियों और फेरबदल पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासनिक आवश्यकताओं के आधार पर किया गया निर्णय है, जिससे शासन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक कदम बताया।

सुशासन तिहार जनता के प्रति जवाबदेही का एक महत्वपूर्ण माध्यम

सुशासन तिहार को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनता के प्रति जवाबदेही का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि मंत्री और अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रशासनिक खामियों को दूर करने में मददगार साबित हो रहा है।

NSUI के प्रदर्शन पर भी दी प्रतिक्रिया

उप मुख्यमंत्री ने NSUI द्वारा सीएम हाउस घेराव को लेकर उन्होंने कहा कि यह संगठन क्या करता है, यह सबको पता है। उन्होंने उनके आंदोलन को लेकर सवाल उठाते हुए उसकी मंशा पर भी टिप्पणी की।

भूपेश बघेल के बयान पर किया पलटवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हालिया बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भूपेश बघेल ने बीते बुधवार को कहा था कि वे “श्रेय की राजनीति नहीं करते” और उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती दी थी कि अगर हिम्मत है तो वे बंगाल और असम में मिली जीत का श्रेय लेकर दिखाएं। साथ ही उन्होंने ईवीएम और चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए भाजपा की चुनावी जीत को लेकर टिप्पणी की थी।

इस बयान पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यदि भूपेश बघेल कांग्रेस की हार से प्रसन्न हैं, तो यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “99 चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस लगातार उत्साह में रहती है।”

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H